
CRS AGENCY। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरामैया के घर के बाहर शुक्रवार (28 जुलाई) को एक बुजुर्ग ने उनकी गाड़ी रोक ली। बुजुर्ग सीएम सिद्धारमैया के पड़ोसी हैं। उनकी शिकायत थी कि मुख्यमंत्री से मिलने आने वाले मेहमान जहां चाहे अपनी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जिनसे उनके परिवार को वाहन निकालने में परेशानी होती है। बुजुर्ग का नाम नरोत्तम है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 सालों से यह सब परेशानी हमारा परिवार झेल रहा है। अब हम तंग आ गए हैं।
नरोत्तम की शिकायत सुनकर सिद्धारमैया ने अपने सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिए कि गाड़ियां बेतरतीब खड़ी न हों। यहां आने वालों की वजह से किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
सीएम की गाड़ी रोकने वाले बुजुर्ग नरोत्तम का घर बेंगलुरु के कुमारकृपा रोड पर है। सिद्धारमैया का घर नरोत्तम के घर के ठीक सामने है। यह मुख्यमंत्री का ऑफिशियल बंगला नहीं है।
ये नेता विपक्ष का बंगला है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा अभी मुख्यमंत्री आवास में रह रहे थे। सिद्धारमैया अगस्त में इसमें शिफ्ट हो जाएंगे।
सिद्धारमैया दूसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने हैं। वे पहले भी 2013 से 2018 के बीच राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। सिद्धारमैया के यहां तक पहुंचने की कहानी संघर्ष भरी और रोचक है। किसान परिवार में जन्मे सिद्धारमैया ने मैसूर विश्वविद्यालय से BSc और वकालत की पढ़ाई पूरी की।








