
CRS AGENCY। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सेवाओं के नियंत्रण पर केंद्र के अध्यादेश को बदलने वाले एक विधेयक पर अपनी पार्टी द्वारा स्थिति स्पष्ट नहीं करने को लेकर पूछे गए सवाल पर बीजू जनता दल (बीजेडी) के राज्यसभा सदस्य अमर पटनायक ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी के भीतर ‘आंतरिक चर्चा’ को उजागर नहीं किया जा सकता है। इस पर पार्टी उचित समय पर निर्णय लेगी।
अमर पटनायक ने कहा कि पार्टी उचित समय पर अपना रुख स्पष्ट करेगी। पहले विधेयक पेश होने दीजिए। ओडिशा के मुख्यमंत्री और हमारे पार्टी अध्यक्ष उचित समय पर निर्णय लेंगे।
केंद्र के अध्यादेश को बदलने का प्रयास
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक 2023, दिल्ली विधानसभा की विधायी क्षमता से कुछ सेवाओं को बाहर करते हुए मई में केंद्र द्वारा लाए गए अध्यादेश को बदलने का प्रयास करता है। यह अध्यादेश दिल्ली में सेवाओं के नियंत्रण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के संदर्भ में लाया गया था।
इससे पहले, जनता दल (यूनाइटेड) यानी जद (यू) ने राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश समेत राज्यसभा और लोकसभा के सभी सदस्यों को तीन लाइन व्हिप जारी किया है। इस व्हिप में सभी सदस्यों को 27 जुलाई से लेकर 11 अगस्त तक सदन में मौजूद रहने और दिल्ली में सेवाओं के नियंत्रण पर अध्यादेश की जगह लेने वाले विधेयक के खिलाफ वोट करने के लिए कहा गया है।








