
CRS/शाहजहाँपुर। धर्म परिवर्तन के आपने बहुत मामले सुने होंगे लेकिन इस बार थोड़ा हटकर है। मामला शाहजहाँपुर का है जहां एक सरकारी स्कूल की अध्यापिका को घर छोड़ने के बहाने एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म कर वीडियो बनाया फिर बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी युवक समेत पांच लोगों के खिलाफ बृहस्पतिवार देर रात दुराचार और विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
आपको बताते चलें कि शाहजहाँपुर पुलिस अधीक्षक(नगर) संजय कुमार ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के हवाले से बताया कि ज़िला शाहजहाँपुर के कांठ थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत 28 वर्षीय अध्यापिका 4 मई को जब अपने घर जा रही थी, तभी बरेंडा गांव के रहने वाले आरोपी आमिर नामक व्यक्ति ने उसे घर छोड़ने का प्रस्ताव दिया। जानकारी के मुताबिक, आमिर उसी गांव का रहने वाला है, जहां पीड़िता पढ़ाती है, इसलिए वह आरोपी के साथ घर की ओर चल पड़ी।
आरोप है कि रास्ते में आरोपी ने पीड़िता को नशीला द्रव्य सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी पीड़िता को अपने घर ले गया और वहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म कर घटना का वीडियो बना लिया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी की मां, बहन, भाई समेत पांच परिजन उस पर मुस्लिम धर्म अपनाने और आमिर से शादी करने का दबाव बना रहे हैं।
संजय कुमार ने बताया कि मामले में लिप्त पांचों आरोपी फरार हैं और पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम बना दी है। उन्होंने बताया कि पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है।









