
चोरी के प्रयास के बाद सीओ ने की बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच
गदागंज (रायबरेली): बीते शुक्रवार रात इन्डियन ओवरसीज बैंक, धूता में चोरी के प्रयास की घटना के बाद सोमवार को क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार नौहार ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र के विभिन्न बैंकों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति एवं अलार्म सिस्टम (हूटर) की जांच की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने बैंक में सेंध लगाने का प्रयास किया, किंतु दीवार के दूसरी ओर बैंक के स्थान पर पं. राम शरण मिश्र इंटर कॉलेज का कमरा निकलने के कारण वे अपने मकसद में सफल नहीं हो सके। बैंक और इंटर कॉलेज एक ही इमारत में संचालित होते हैं, केवल दीवार की सीमा से दोनों संस्थान अलग हैं।
कॉलेज प्रबंधक विजय प्रकाश मिश्र एवं बैंक प्रबंधक विजय कुमार ने कहा की बैंक के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
सीओ अरुण कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आश्वासन दिया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने बैंक प्रबंधकों से तकनीकी सुरक्षा उपायों को भी अपडेट रखने की अपील की।








