
शारदीय नवरात्रि पर गदागंज क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा, देवी भागवत कथा एवं झांकियों ने मोहा मन
गदागंज, रायबरेली। शारदीय नवरात्रि पर्व पर गदागंज क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिल रहा है। देवी माँ के भक्त भक्ति भाव से माता रानी की प्रतिमाएं सजा कर पूजा-अर्चना, आरती व प्रसाद वितरण कर रहे हैं। गदागंज, गौरा, कुरौली सहित विभिन्न स्थानों पर दुर्गा माता के जयकारों से वातावरण गूंजायमान हो रहा है।
जमुनापुर में सजी मां दुर्गा की आकर्षक झांकी स्थानीय नागरिकों का मन मोह रही है। इसके साथ ही वहां चल रही श्रीमद देवी भागवत कथा में कथावाचक राजेश निर्मोही (सुल्तानपुर) के मधुर वचनों ने भक्तों को भक्ति की गंगा में सराबोर कर दिया है। प्रतिदिन शाम 8 बजे से रात 10 बजे तक चल रही इस कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
इस अवसर पर जमुनापुर व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं कमेटी अध्यक्ष अजय सिंह राठौर, पूर्व अध्यक्ष राकेश नारायण मिश्र, प्रधान जीतू सिंह, विजय शंकर वैश्य, रामकिशोर दुबे, रविधर मिश्र, विवेक कुमार मिश्र सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कमेटी अध्यक्ष अजय सिंह राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 24 सितम्बर, बुधवार को राजू रंगीला रायबरेली व ज्योति कमल बाराबंकी के बीच जवाबी कीर्तन का आयोजन किया गया है, जो नवरात्र की भक्ति रसधारा को और भी रंगीन बनाएगा।








