
अंतर्राज्यीय महिला चोर गैंग का खुलासा, आठ गिरफ्तार
रायबरेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी टीम, सर्विलांस सेल और शहर कोतवाली पुलिस के संयुक्त प्रयास से एक अंतर्राज्यीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने इस गिरोह की आठ शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार किया है, जो सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थीं।
अभियुक्ताओं के पास से चोरी में प्रयुक्त औजार जैसे चैन, कट (कटर), ब्लेड आदि बरामद किए गए हैं। इन महिलाओं पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। ये महिलाएं विभिन्न भीड़-भाड़ वाले इलाकों, बाज़ारों और सार्वजनिक स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देती थीं। पहले पूरी योजना बनाकर, फिर सटीक निशाना लगाकर चोरी करती थीं।
नगर क्षेत्राधिकारी श्री अरुण कुमार नौहर ने इस घटना का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ की जा रही है और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है। गिरोह की गतिविधियों का दायरा उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों तक फैला हुआ है।
रायबरेली पुलिस की इस कार्रवाई से आम जनता में विश्वास बढ़ा है और क्षेत्र में अपराधियों के मनोबल पर लगाम लगी है।








