
रायबरेली पुलिस ने किया बड़ा पर्दाफाश – 8 अंतरजनपदीय महिला चोर गिरफ्तार
रायबरेली – जिले की कोतवाली नगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महिलाओं के गहनों और पर्स चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की 8 महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
एसपी रायबरेली के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में कोतवाली नगर के उपनिरीक्षक राजेश कुमार और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित घेराबंदी कर इन महिलाओं को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, 13 सितम्बर को एसपीएस स्कूल के पास एक महिला से गहनों की चोरी की वारदात हुई थी। जांच में सामने आया कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से टीम बनाकर महिलाओं के गले से चेन, मंगलसूत्र और पर्स/पॉकेट काटने की घटनाओं को अंजाम देता था।
गिरफ्तार महिलाएं—महिमा, शशिकला, सुनीता, सरिता, बिन्दु, गीता, रेखा और रिंकी—गोरखपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महराजगंज और अंबेडकरनगर जिलों की रहने वाली हैं। सभी पर पहले से भी चोरी के मामलों में संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, जिसकी जांच की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई को रायबरेली पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे खासकर बाज़ारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाने वाले गिरोह पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।








