
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव बरामद, शरीर पर मिले चोट के निशान
ऊंचाहार।
ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के ईश्वर दासपुर रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। राहगीरों ने रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े शव को देखा तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार युवक के शरीर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। मौके पर कई बेल्ट भी पड़ी हुई थीं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव यहां फेंका गया है। इसी बीच क्षेत्र में चोरों के आतंक और ड्रोन उड़ने की अफवाहों के कारण पहले से ही दहशत का माहौल है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि युवक को कहीं चोर समझकर ग्रामीणों ने पकड़ लिया हो और उसकी पिटाई कर दी हो, जिससे उसकी मौत हो गई हो। इसके बाद शव को रेलवे ट्रैक किनारे फेंक दिया गया हो।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई जारी है। वहीं ऊंचाहार कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सोशल मीडिया के माध्यम से शव की शिनाख्त की जा रही है।








