
एनटीपीसी ऊंचाहार में मालगाड़ी के चार पहिए पटरी से उतरे, बड़ा हादसा टला
ऊंचाहार (रायबरेली):
एनटीपीसी ऊंचाहार के अरखा रेल खंड में उस समय हड़कंप मच गया जब एनटीपीसी का कोयला उतारकर लौट रही एक मालगाड़ी के चार पहिए पटरी से उतर गए। यह घटना ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के अरखा एनटीपीसी रेल लाइन पर हुई।
जानकारी के अनुसार, धनबाद से कोयला लेकर आई मालगाड़ी एनटीपीसी ऊंचाहार में कोयला उतारने के बाद वापस लौट रही थी। जैसे ही ट्रेन गेट से बाहर निकल रही थी, इंजन के तीसरे डिब्बे के चार पहिए अचानक पटरी से उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और एनटीपीसी के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया।
कर्मचारियों की तत्परता से डिब्बे के पहियों को वापस ट्रैक पर चढ़ा लिया गया और मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना में केवल मालगाड़ी के चार पहिए पटरी से उतरे थे जिन्हें सुरक्षित तरीके से वापस ट्रैक पर चढ़ा दिया गया। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि यह मालगाड़ी धनबाद से कोयला लेकर आई थी और अनलोड होने के बाद लौटते समय हादसा हुआ।
गनीमत रही कि इस घटना से रेलवे यातायात पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा क्योंकि संबंधित ट्रैक पर केवल एनटीपीसी की कोयला लदी मालगाड़ियाँ ही संचालित होती हैं।








