
CRS NEWS: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में दूषित पेयजल से फैली गंभीर बीमारी और उससे हुई मौतों की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक त्रासदी के बाद नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी ने इंदौर के बॉम्बे अस्पताल पहुँचकर बीमार मरीजों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं तथा दर्द को गंभीरता से सुना।
भागीरथपुरा क्षेत्र में गंदा पानी पीने के कारण अब तक 24 लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि अनेक नागरिक जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे हैं। यह घटना प्रदेश में स्वास्थ्य, जल आपूर्ति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खोलती है।
राहुल गांधी ने इस पूरे मामले को सरकार की घोर लापरवाही और विफल शासन प्रणाली का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि आम जनता की बुनियादी जरूरतों की अनदेखी कर जिस तरह का विकास मॉडल अपनाया जा रहा है, वह लोगों की जान के लिए घातक साबित हो रहा है।
उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में वे उनके साथ मजबूती से खड़े हैं और जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।











