उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से लाभार्थियों को किया गया लाभान्वित!



CRS शाहजहांपुर। जनपद मुख्यालय स्थित अटल बिहारी वाजपेई प्रेक्षागृह में 77वां उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस, भव्यता के साथ और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित विकास प्रदर्शनी के साथ एक कार्यक्रम आयोजित कर मनाया गया! हॉल में लगाई गई विकास से संबंधित योजनाओं की प्रदर्शनी का राज्यसभा सांसद ने उद्घाटन किया! इस दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित जन समूह को राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई।
24 जनवरी 2026 को जनपद में 77वां उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम भव्य रूप से अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगी विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर महापौर अर्चना वर्मा, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, मंत्री जितिन प्रसाद के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्रा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे तेजी से विकसित होने वाला राज्य बन चुका है। 2017 के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्षा, एक्सप्रेसवे और एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट विश्व का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है, जो उत्तर प्रदेश की पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करता है।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, सामूहिक विवाह योजना जैसी योजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। इसी के साथ एमएलसी डॉ सुधीर गुप्ता ने एवं महापौर अर्चना वर्मा ने अपने विचारों को रखते हुए उत्तर प्रदेश में 2017 के बाद, श्री योगी जी के नेतृत्व चल रही भारतीय जनता पार्टी की सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए प्रदेश को विकास के पथ और भी तेजी से विश्व स्तर में सबसे अग्रणी स्थान दिलाने की बात कही!
कार्यक्रम में आर कन्या इंटर कॉलेज, जवाहर नवोदय विद्यालय, डॉ० सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर, गुरुकुल सेवा ट्रस्ट, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय हथौड़ा बुजुर्ग सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक एवं देश भक्ति कार्यक्रम की प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गईं। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को गृह प्रवेश की चाबी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ऋण स्वीकृति पत्र, तथा शिक्षा, खेल, मत्स्य एवं खादी ग्रामोद्योग सहित विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र एवं चेक वितरित किए गए।
अंत में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह ने आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक अवधेशराम, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।









