पीस कमेटी की बैठक में होली पर्व को शांतिपूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी के निर्देश।

शाहजहांपुर। आने वाले होली पर्व एवं जुलूसों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी बैठक का आयोजन मोहल्ला किला स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय परिसर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने की। बैठक में जुलूस आयोजकगण, सभासद, संभ्रांत नागरिकों एवं स्थानीय निवासियों ने सहभागिता कर अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है, जिसे सभी को मिल-जुलकर हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों एवं समुदायों में शांति, सद्भाव और आपसी सम्मान का संदेश दें, जिससे जनपद की परंपरागत सौहार्दपूर्ण छवि बनी रहे। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दिया जाए और न ही ऐसी सूचनाओं को आगे बढ़ाया जाए। विशेष रूप से सोशल मीडिया के संबंध में सतर्कता बरतने की अपील करते हुए जिलाधिकारी श्री सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ अथवा सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली पोस्ट न करें और न ही ऐसे संदेशों को साझा करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की जानकारी प्राप्त होती है तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या प्रशासन को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पर्व के दृष्टिगत संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद पुलिस शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, आयोजकों एवं नागरिकों ने होली पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार सहित जुलूस आयोजकगण, स्थानीय नागरिक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









