
जलभराव से जनजीवन प्रभावित, खुले नालों ने बढ़ाई परेशानी; कांग्रेस ने नाव चलाकर नगर निगम के खिलाफ किया प्रदर्शन
CRS NEWS कानपुर। करीब एक घंटे की तेज बारिश ने गोविंद नगर की जल निकासी व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी। बारिश के बाद सड़कें और बाजार पानी में डूब गए। कई स्थानों पर जलभराव के कारण लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खुले नाले भी लोगों के लिए खतरा बने रहे।
जलभराव के विरोध में कांग्रेस नेता विकास अवस्थी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और पानी से भरी सड़क पर नाव चलाकर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए स्थायी समाधान की मांग की गई।
स्थानीय व्यापारियों और लोगों का कहना है कि बारिश से पहले नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर पर्याप्त तैयारी नहीं की गई। यही वजह है कि बारिश होते ही सड़कें जलमग्न हो गईं। लोगों ने नालों की नियमित सफाई, खुले नालों को ढकने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
व्यापारियों के मुताबिक, सड़क पर पानी भरने से दुकानों तक ग्राहकों का पहुंचना मुश्किल हो गया और कारोबार भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाली बारिश में स्थिति और गंभीर हो सकती है।







