छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए चलेगा अभियान, घर-घर जाएंगे बीएलओ।


पहले की मतदाता सूची से होगा मिलान, पात्र युवाओं, महिलाओं और दिव्यांगों के नाम भी जोड़े जाएंगे।
शाहजहांपुर, 12 अक्टूबर। निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा की जानकारी देते हुए सभी दलों से सहयोग की अपील की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली का सात जनवरी 2025 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची एवं पूरक सूचियों से मिलान किया जाएगा। इस दौरान ऐसे मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा, जिनके नाम पहले की सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं।
चिह्नित मतदाताओं का सत्यापन करने के लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर संपर्क करेंगे। पात्र पाए जाने वाले व्यक्तियों से फार्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। बीएलओ को एक सप्ताह में कम से कम 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के दौरान पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं और दिव्यांगों के साथ बेघर व्यक्तियों, श्रमिक बस्तियों में रहने वाले लोगों तथा वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए ग्रामसभा, नगर पंचायत और बूथ स्तर पर विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अभियान में सहयोग करने तथा अपने बूथ लेवल एजेंटों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रहे।






