निर्माण कार्यों में देरी पर डीएम नाराज, सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश।


टाउनहाल सीएम ग्रिड रोड पर साइनेज बोर्ड लगाने और ड्रेनेज पाइपलाइन का कार्य जल्द पूरा करने को कहा।
शाहजहांपुर, 12 अक्टूबर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को जनपद में निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान महिला थाना से दुर्गा होटल तक ड्रेनेज पाइपलाइन, टाउनहाल में सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क एवं नाली निर्माण तथा चीनौर में लोक निर्माण विभाग के सड़क निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। धीमी प्रगति मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
महिला थाना से दुर्गा होटल तक ड्रेनेज पाइपलाइन कार्य की धीमी गति पर डीएम ने ठेकेदार को अतिरिक्त मजदूर लगाकर निर्माण जल्द पूरा करने को कहा। वहीं, टाउनहाल में लगभग 1422.38 लाख रुपये की लागत से चल रहे सीएम ग्रिड कार्य की भौतिक प्रगति करीब 28 प्रतिशत मिलने पर उन्होंने खुदाई वाले स्थानों पर साइनेज बोर्ड न लगाए जाने पर ठेकेदार को फटकार लगाई। उन्होंने सभी प्रभावित स्थानों पर तत्काल संकेतक बोर्ड लगाने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद चीनौर में लोक निर्माण विभाग के सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया, जहां प्रगति करीब 25 प्रतिशत पाई गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






