जर्जर विद्यालय भवन को सार्वजनिक लाइब्रेरी बनाने की मांग, डीएम को सौंपा प्रार्थना पत्र
।
ग्रामीण विद्यार्थियों को गांव में ही मिलेगी पढ़ाई की बेहतर सुविधा, सरकारी भवन के सदुपयोग का उठाया मुद्दा।
शाहजहांपुर। विकास खंड ददरौल की ग्राम पंचायत खिरिया उदेत स्थित जर्जर हो रहे उच्च प्राथमिक विद्यालय भवन को सार्वजनिक लाइब्रेरी में परिवर्तित किए जाने की मांग उठी है। इस संबंध में पत्रकार अभिषेक सिंह ने जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि विद्यालय का अन्य विद्यालय में विलय होने के बाद भवन की देखरेख नहीं हो पा रही है। रखरखाव के अभाव में भवन धीरे-धीरे जर्जर होता जा रहा है। ऐसे में सरकारी धन से निर्मित इस भवन का सदुपयोग सुनिश्चित करने के लिए इसे सार्वजनिक लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
पत्रकार अभिषेक सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा अध्ययन के लिए बेहतर संसाधनों की आवश्यकता है। गांव में सार्वजनिक लाइब्रेरी स्थापित होने से विद्यार्थियों को पुस्तकें, समाचार पत्र और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकेगी। इससे उन्हें पढ़ाई के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की जरूरत भी कम होगी।
प्रार्थना पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी से विद्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण कराने तथा नियमानुसार आवश्यक अनुमति और विभागीय प्रक्रिया पूरी कराकर लाइब्रेरी विकसित कराने की मांग की गई है। साथ ही लाइब्रेरी में हिंदी और अंग्रेजी की पुस्तकें, सामान्य ज्ञान की सामग्री, समाचार पत्र तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराने और विद्यार्थियों के बैठकर पढ़ने की समुचित व्यवस्था किए जाने का सुझाव दिया गया है।
इस पहल से जहां एक ओर उपेक्षित पड़े सरकारी भवन का सदुपयोग हो सकेगा, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर माहौल मिल सकेगा। अब प्रशासन की ओर से इस मांग पर की जाने वाली कार्रवाई का इंतजार है।






