एक नवंबर को अटल ऑडिटोरियम में लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर, 44 विभाग करेंगे प्रतिभाग।

नोडल अधिकारी ने विभागाध्यक्षों को दिए अधिक से अधिक लाभार्थियों को चिह्नित करने के निर्देश।
शाहजहांपुर। आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और विधिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी एक नवंबर को अटल ऑडिटोरियम शाहजहांपुर में मेगा एवं बृहद विधिक सहायता और सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर सोमवार को नोडल अधिकारी एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिव कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अपेक्षा सिंह सहित जिले के 44 विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आयोजित होने वाले इस शिविर के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। बैठक में संबंधित विभागों की योजनाओं का चिह्नांकन करने और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला विकास एवं खंड विकास, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, कृषि एवं वानिकी, कौशल विकास, श्रम कल्याण, पुलिस, परिवहन, वन, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) तथा जिला प्रोबेशन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
नोडल अधिकारी शिव कुमार सिंह ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में चिह्नित करें। उन्होंने कहा कि शिविर के दिन लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अपेक्षा सिंह की उपस्थिति में आयोजित बैठक में आमजन तक विधिक सहायता और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। शिविर के माध्यम से पात्र लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।






