
मिशन शक्ति फेज-5 के तहत गदागंज थाना क्षेत्र में जागरूकता अभियान आयोजित
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए पैदल गश्त और पंपलेट वितरण
रायबरेली: उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5” के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायबरेली जनपद में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रायबरेली के निर्देशानुसार, गदागंज थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी के नेतृत्व में गदागंज थाना क्षेत्र में प्रमुख बाजारों एवं मार्गों पर पैदल गश्त कर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में थाना प्रभारी सहित संपूर्ण पुलिस टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही।
अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं, को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों, एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला सहायता नंबर 181, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी भी वितरित किए गए पंपलेट्स के माध्यम से साझा की गई।
गदागंज क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए पुलिस की इस जागरूकता मुहिम की सराहना की। अभियान के माध्यम से न केवल महिलाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का भी संदेश प्रसारित हुआ।
गदागंज थाना पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान मिशन शक्ति के उद्देश्यों को ज़मीन पर उतारने की एक सराहनीय पहल साबित हो रहा है।










