
प्राथमिक विद्यालय दाऊदपुर गढ़ई में खुला अनोखा पुस्तकालय, छात्र-छात्राओं सहित ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
रायबरेली।
रायबरेली जिले के गदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दाऊदपुर गढ़ई गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय दाऊदपुर गढ़ई में तैनात प्रधानाध्यापिका दीपिका सिंह द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। उन्होंने विद्यालय परिसर में ही एक पुस्तकालय का शुभारंभ किया है, जिससे छात्र-छात्राओं को अध्ययन के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध हो सकें।
प्रधानाध्यापिका दीपिका सिंह ने बताया कि इस पुस्तकालय की स्थापना उनके प्रयासों से, अभिभावकों, गांव के संभ्रांत लोगों तथा कुछ समाजसेवी व्यक्तियों के सहयोग से संभव हो सकी है। सभी ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया, जिसके चलते यह पुस्तकालय शुरू किया गया।
उन्होंने कहा कि इस पुस्तकालय में न केवल विद्यालय के छात्र-छात्राएं अध्ययन कर सकेंगे, बल्कि गांव के वे बच्चे भी यहां आकर पढ़ाई कर सकते हैं जो घर पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इसके अलावा गांव के अभिभावकगण भी यहां आकर पुस्तकों का अध्ययन कर सकते हैं।
पुस्तकालय विद्यालय के खुले रहने के समय नियमित रूप से खुला रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। पुस्तकालय के शुभारंभ पर समस्त ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापिका दीपिका सिंह को बधाई दी और इस पहल की प्रशंसा की।
यह प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जो ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य में सहायक सिद्ध होगा।









