
CRS NEWS रायबरेली : जनपद रायबरेली में कार्यरत बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों ने अंतर्जनपदीय स्थानांतरण न हो पाने को लेकर अपनी मांगों से विधायक विनोद चतुर्वेदी को अवगत कराया। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए स्थानांतरण प्रक्रिया में लागू भारांक नीति को समाप्त कर वरिष्ठता के आधार पर स्थानांतरण व्यवस्था लागू करने की मांग की।
इस मौके पर विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक भेजा जाएगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए यथासंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार कराया जाएगा।
शिक्षक नेता अनुराग द्विवेदी ने बताया कि कई शिक्षक पिछले दस वर्षों से रायबरेली जनपद में सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान कई बार अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन भारांक नीति के कारण वरिष्ठ शिक्षकों को इसका लाभ नहीं मिल सका, जबकि सेवा में कनिष्ठ शिक्षक स्थानांतरण पाने में सफल हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा नियमावली 1981 के नियम 22 के अनुसार यदि वरिष्ठता आधारित अंतर्जनपदीय स्थानांतरण प्रतिवर्ष किया जाए, तो वरिष्ठ शिक्षकों को भी अपने गृह जनपद में स्थानांतरित होने का अवसर मिल सकेगा और वे अपने पारिवारिक दायित्वों का बेहतर निर्वहन कर पाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि आकांक्षी जनपदों में कार्यरत शिक्षक वर्ष 2017 से ही अंतर्जनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया में भाग नहीं ले पा रहे हैं, जिसका समाधान किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर शिक्षकों ने विधायक प्रतिनिधि आशीष चतुर्वेदी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में नितिन सोनी, राहुल द्विवेदी, पुरुषोत्तम सोनी, अभिषेक गुप्ता, मोहित, वैभव द्विवेदी, विकास दुबे, राहुल यादव, कुलदीप सिंह, आशीष तिवारी, संजीव सोनी, विवेक, राहुल वर्मा, आशुतोष यादव, सनप्रीत सिंह, गरिमा सिंह, मानवेन्द्र सिंह सहित अनेक शिक्षक उप Meस्थित रहे।









