अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा थाना तिलहर का अर्धवार्षिक निरीक्षण में अपराध नियंत्रण, अभिलेखीय व्यवस्था, मालखाना, महिला सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा।
तिलहर/शाहजहांपुर।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने आज थाना तिलहर का अर्धवार्षिक निरीक्षण गया। निरीक्षण के करने थाना पहुंची अपर पुलिस अधीक्षक को, नियुक्त पुलिस बल द्वारा विधिवत सलामी दी गई।
निरीक्षण के दौरान, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने थाना कार्यालय, मुहर्रिर कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, गैंगचार्ट, टॉप-10 अपराधी सूची, लंबित विवेचनाओं की प्रगति, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क/महिला शक्ति केन्द्र, बैरक, भोजनालय, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई एवं थाना परिसर की समस्त व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया।
अभिलेखों के निरीक्षण के दौरान अपराध पंजीकरण, विवेचना की गुणवत्ता, आरोप पत्र प्रेषण की स्थिति, लंबित प्रकरणों के निस्तारण की गति एवं वारंट/समन तामील की प्रगति की समीक्षा की व साथ ही संबंधित विवेचकों को, विवेचनाएं निष्पक्ष, समयबद्ध एवं साक्ष्य आधारित करने था महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थलों, आगामी त्यौहारों एवं आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए प्रभावी गश्त, पिकेट ड्यूटी, बीट पुलिसिंग को सुदृढ़ करने एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने साथ ही साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, आमजन से संवाद स्थापित करने तथा जनसुनवाई को प्राथमिकता देने पर विशेष बल देने का निर्देश दिया।
इस दौरान महिला शक्ति केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं, अभिलेखों एवं कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए संबंधित कर्मियों को पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखते हुए उनकी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा शस्त्रागार एवं मालखाना निरीक्षण के दौरान अधिकारी/कर्मचारियो से शस्त्रों की हैंडलिंग कराई गई तत्पश्चात देखरेख, साफ-सफाई, अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा की।
हवालात की सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया तथा आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए गए। तत्पश्चात महोदया द्वारा चौकीदारों से वार्ता कर उन्हें उनके कर्तव्यों से अवगत कराया गया तथा पुलिस व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति उन्हें प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण महोदया द्वारा थाना प्रभारी तिलहर एवं समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण को अनुशासन, पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा एवं टीम भावना के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित करते हुए उत्कृष्ट कार्य के लिए सराहना की गई तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की गई।













