
ऊंचाहार। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर क्षेत्र के ऐतिहासिक घाट गोकना पर लगने वाला तीन दिवसीय मेला संपन्न हो गया। इस मौके पर गोकना घाट के अलावा गोला घाट, पूरे तीर, बहादुर गंज में बड़ी संख्या में लोगों ने स्नान कर मोक्ष व कल्याण की कामना की। इस बार मेले के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। इससे प्रशासन ने राहत की सांस ली। गौरतलब है कि गोकना घाट पर स्नान के लिए क्षेत्र के अलाव अमेठी, सुल्तानपुर, गौरीगंज, जायस, फुरसत गंज, डीह, नसीराबाद, अठेहा, सलोन, परसदे पुर आदि क्षेत्रों से विभिन्न साधनों से पहुंचते हैं। लोगों की भारी भीड़ के मद्देनजर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इससे लोगों को कोई असुविधा नहीं हुई। स्नान व मेला सकुशल संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है। मां गंगा गोकर्ण जनकल्याण सेवा समिति के महासचिव व पुरोहित पं. जितेंद्र द्विवेदी ने मेला सकुशल संपन्न कराने पर स्थानीय प्रशासन व गणमान्य लोगों को धन्यवाद दिया है।









