
ऊँचाहार,रायबरेली। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ दिलीप सिंह ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल (पीसीआई) संस्था के माध्यम से उपलब्ध कराए गए हैं। यह वाहन पूरे शहरी क्षेत्र में घूमकर लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खाने के बारे में जागरूक करेंगे। डॉ. सिंह ने बताया कि 23 मई से फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाने का कार्यक्रम पूरे जिले में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर – घर जाकर लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाएंगी। जिला मलेरिया अधिकारी डी.एस. अस्थाना ने बताया कि जिले में 23 मई से 7 जून तक फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाने का अभियान चलाया जाएगा | उन्होंने बताया कि साल में एक बार लगातार पाँच साल दवा खाने से इस बीमारी से बचा जा सकता है। आप सब स्वयं भी इस दवा का सेवन करें और अपने घर व आस-पास के लोगों को दवा खाने के लिए प्रेरित करें । स्वयंसेवी संस्था पाथ से डॉक्टर इलहम जैदी ने बताया – फाइलेरिया से बचाव की दवा दो साल से कम आयु के बच्चों, गर्भवती और गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों को छोड़कर सभी को खानी है। इस अभियान के दौरान आइवरमेक्टिन, एल्बेंडाजोल और डाईइथाइल कार्बामजीन दवा का सेवन कराया जाएगा। दवा खाली पेट नहीं खिलानी है। दवा का सेवन स्वास्थ्य कार्यकर्ता अपने सामने ही कराएंगे। आपके घर पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता दवा खिलाने आएं तो उनका सहयोग करें और दवा का सेवन करें ।प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल से जिला समन्वयक राजू तिवारी ने कहा – फाइलेरिया से बचाव का सबसे सरल और आसान रास्ता है कि मच्छर पनपने ही न दें और मच्छरों से बचने के साधन अपनाएं जैसे मच्छरदानी और मच्छर रोधी क्रीम का उपयोग करें | दवा खा कर अपने जीवन को फाइलेरिया से बचाएं। इस कार्यक्रम उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अशोक कुमार रावत ,पीसीआई से निशांत सिंह सीएमओ ऑफिस के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे |










