
CRS AGENCY। बेंगलुरु में 8 जुलाई को 2 हजार किलो टमाटर से भरे ट्रक को लूटने के मामले में कर्नाटक पुलिस ने एक कपल को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार कपल की पहचान वेल्लोर के रहने वाले भास्कर और उसकी पत्नी सिंधुजा के रूप में हुई है। मामले में तीन अन्य आरोपी रॉकी, कुमार और महेश की तलाश जारी है।
किसान चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर शहर से कोलार बाजार में टमाटर ले जा रहा था। टमाटरों पर नजर पड़ने के बाद बदमाशों ने गाड़ी का पीछा किया था। उन्होंने वाहन को रोक लिया और किसान और ड्राइवर के साथ मारपीट की। बदमाशों ने आरोप लगाया कि ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारी है।
उन्होंने किसान से पैसों की मांग की और धमकाया। इसके बाद पैसे ट्रांसफर करवा लिए। वे किसान के साथ ट्रक में सवार हो गए। बाद में बदमाशों ने किसान को जबरदस्ती बाहर धकेल दिया था और टमाटर लदा ट्रक लेकर फरार हो गए। किसान ने इसकी शिकायत पुलिस में की थी।
आरोपी ट्रक लेकर चेन्नई गए थे और वहां टमाटर बेचे थे। जब उन्होंने देखा कि ट्रक लूट की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है तो उन्होंने ट्रक को वापस लाकर पीन्या और बेंगलुरु के पास पार्क कर दिया और दूसरी बिना नंबर की गाड़ी में भाग गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से सुराग जुटाए और आरोपियों तक पहुंची।









