
CRS NEWS महाराजगंज भारत का मून मिशन यानी चंद्रयान-3 पर इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (इसरो) के साथ-साथ दुनियाभर की नजरें टिकी हुई हैं। आज शाम को 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रयान-3 की चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग होने वाली है। वहीं लैंडिंग से पहले देश में हवन-पूजा और दुआएं मांगने का दौर जारी है। इसी क्रम में बुधवार को छितौना स्थित मदरसा मोइनुल इस्लाम के बच्चों ने स्पेशल नफिल की नमाज़ अदा की। साथ ही बच्चों ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए अल्लाह से दुआएं भी मांगी। मदरसा के प्रिंसिपल गयासुद्दीन खान बताया कि बच्चों ने मदरसे में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए नफील की नमाज अदा की और दुआ मांगी। उन्होंने कहा कि चाँद की अहमियत इस्लाम हिन्दू समेत कई धर्मों में है। मदरसे में बच्चे विज्ञान का अध्ययन भी करते हैं। इसलिए उनके मन में चंद्रयान-3 के बारे में बहुत जिज्ञासा है। उन्होंने आगे कहा कि वह चंद्रयान-3 को लेकर इसरो के सभी वैज्ञानिकों और अधिकारियों को बधाई देते हैं, अगर आज चंद्रमा के अज्ञात दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग होती है, तो भारत ऐसा करने वाला पहला देश होगा। इस दौरान मदरसा के स्टाफ मिराज अंसारी व समसुल गौस भी शामिल रहे।










