
CRS NEWS-: “चच्चा के 30 बच्चे होते हैं” पंडित धीरेंद्र शास्त्री के इस बयान पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका यह बयान भड़काऊ है। धीरेंद्र शास्त्री को शादी कर लेनी चाहिए।
क्या है पूरा मामला:-
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अपने एक बयान में कहा कि ने “चच्चा के 30 बच्चे होते हैं, तुम लोग भी ज़्यादा से ज़्यादा बच्चे पैदा करो” इस बयान के वायरल होने के बाद ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
मौलाना शहाबुद्दीन ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि धीरेंद्र शास्त्री हमेशा मुसलमानों को निशाना बनाते रहते हैं और भड़काऊ भाषण देते रहते हैं।
मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री की ये बातें “चच्चा के 30 बच्चे” तथ्यहीन हैं और समाज को गलत संदेश देती हैं। मौलाना ने आगे कहा कि बच्चे होना ख़ुदा की नियमतों में से एक बहुत बड़ी नियमत है। जिसके बच्चे पैदा नहीं होते हैं, वो दर-दर भटकते हैं। वो हर धर्म स्थलों का चक्कर लगाते हैं और सूफी संतों के दरबार में हाज़िरी भी देते हैं।
धीरेंद्र शास्त्री पूरे भारत में सिर्फ एक ऐसा मुसलमान दिखा दें, जिसके 30 बच्चे हों। देश में करोड़ों मुसलमान रहते हैं, लेकिन किसी के भी 30 बच्चे नहीं हैं। 6-7 बच्चों तक की बात को तो समझा जा सकता है, लेकिन 30-30 बच्चों की बात करना बहुसंख्यक समाज को उकसाने और भड़काने वाला बयान है।
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने आगे कहा कि वह पंडित धीरेंद्र शास्त्री का सम्मान करते हैं। इसी के साथ उनको नसीहत दी कि धीरेंद्र शास्त्री खुद शादी कर लें, तब उनको अहसास हो जाएगा कि बच्चों की परवरिश और उनको शिक्षा किस तरह दी जाती है।









