
छुट्टी पे घर आए सेना के जवान की मार्ग दुर्घटना में हुई मौत
ऊंचाहार रायबरेली
रिपोर्ट मोहम्मद जावेद
ऊँचाहार कोतवाली क्षेत्र के पूरे चक मजरे खरौली गाँव निवासी कंचन यादव उम्र 23 वर्ष पुत्र प्रेमचंद्र भारतीय सेना में तैनात था, जो सोमवार की दोपहर बाद एसयूवी कार से पड़ोस के गांव पूरे पदुम निवासी विजय कुमार को लेकर अपनी बुआ के घर तरैया मजरे रोहनियां गाँव जा रहा था, तभी ऊंचाहार सलोन मार्ग पर पटेरवा तिराहे के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से टकराकर पलट गई,जिससे घटना में कार पे सवार दोनों लोग घायल हो गये, राहगीरों की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कंचन यादव को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतक के चाचा रणजीत ने बताया कि कंचन अपनी माँ बाप का इकलौता बेटा था और और उसके पिता भी रिटायर्ड सैनिक है, वो करीबन 3 वर्ष पूर्व भारतीय सेना में भर्ती हुआ था और वर्तमान में उसकी तैनाती पंजाब प्रांत के फरीदपुर में थी, तीन दिन पूर्व वो छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था और उसकी शादी पिछले वर्ष नवम्बर माह में रायबरेली शहर निवासी शुभी के साथ हुई थी, वहीं इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज शुक्ल ने बताया कि मृत अवस्था में सैनिक को सीएचसी लाया गया था।
कोतवाल आदर्श कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।









