
CRS AGENCY। अभी हाल ही में हैदराबाद से 8 जुलाई को दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में सवार एक 40 साल के यात्री ने कथित तौर पर उड़ान भरने के दौरान विमान का इमरजेंसी एग्जिट गेट का कवर खोल दिया।दिल्ली एयरपोर्ट के सूत्रों ने यह जानकारी दी है। यह घटना फ्लाइट 6E 5605 की उड़ान के दौरान हुई। आरोपी को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया गया। आरोपी शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सूत्रों ने बताया कि यात्री के अनियंत्रित व्यवहार के चलते विमान में सवार अन्य यात्रियों और चालक दल में दहशत फैल गई।
यात्री सीट 18ए पर बैठा था, जो इमरजेंसी एग्जिट डोर के करीब था, उन्होंने बताया कि घटना के बाद इमरजेंसी एग्जिट के कवर को तुरंत ठीक किया गया और यात्री को विमान में दूसरी सीट पर स्थानांतरित किया गया। सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, इमरजेंसी एग्जिट डोर के हैंडल पर एक कवर होता है, जो उसे केबिन के दबाव या फिर किसी अन्य आकस्मिक कारण से खुलने से बचाता है। इंडियन एयरलाइंस के उड़ान सुरक्षा के पूर्व निदेशक एसएस पनेसर ने कहा, अगर कवर हटा दिया जाता है तो हैंडल खुला रहता है और यह किसी भी कारण से हवा में खुल सकता है और यह विमान के लिए खतरनाक है।









