
CRS NEWS रायबरेली : प्रयागराज में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के कार्यालय के बाहर सोमवार को प्रतियोगी छात्रों के विरोध प्रदर्शन के चलते प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। आयोग के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई। आयोग के कार्यालय की ओर जाने वाले मार्गों को पूरी तरह से सील कर दिया गया और पुलिस ने वहां आने-जाने वालों पर पैनी नजर रखी।
छात्रों का यह प्रदर्शन आयोग की ओर से पीसीएस प्रारंभिक और आरओ-एआरओ प्रारंभिक परीक्षा को दो दिन कराने के निर्णय के खिलाफ था। आंदोलन की तैयारियों के चलते जिला प्रशासन और आयोग प्रशासन में हलचल बढ़ गई थी। प्रदर्शन को देखते हुए सोमवार सुबह से ही आयोग के बाहर पुलिस की भारी संख्या में तैनाती की गई थी। आयोग की ओर बढ़ रही भीड़ को पुलिस ने खदेड़ कर इलाके में शांति बनाए रखने का प्रयास किया।
इस बीच, प्रयागराज के पुलिस लाइंस स्थित त्रिवेणी सभागार में महाकुंभ के दौरान भीड़ नियंत्रण के उद्देश्य से एक बैठक भी आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस अधिकारियों, कोचिंग संचालकों और एसोसिएशन के अध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कोचिंग संस्थान सोमवार को भी संचालित होंगे और वे किसी भी छात्र आंदोलन का समर्थन नहीं करेंगे। महाकुंभ के दौरान भीड़ नियंत्रण में कोचिंग संस्थानों के कर्मचारियों और छात्रों की उपयोगिता को लेकर भी चर्चा की गई।
प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासन तक पहुंचाएं।









