-:
बदायूँ-:बिसौली में अतिक्रमण हटाओ अभियान प्रशासन की चुनौती बनता जा रहा है। बुधवार को बाबा का बुल्डोजर नगर व क्षेत्र के हाईवे किनारे चला तो कई जगह विरोध का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके अधिकारी किसी दबाव में नहीं आए। पालिका की टीम ने बुधवार को अधिशासी अधिकारी नवनीत कुमार के नेतृत्व में बिल्सी रोड पर अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया।टीम ने जेसीबी द्वारा अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया तो कुछ व्यापारियों द्वारा विरोध किया गया। इस दौरान ईओ व कर्मचारियों के साथ व्यापारियों की नोंकझोंक भी हुई। तमाम विरोध के बावजूद ईओ नवनीत कुमार ने अभियान जारी रखा। इस दौरान पुलिस बल के साथ पालिका के लेखा लिपिक मशकूर खां, राजीव कुमार, जितेन्द्र, विकास बाबू आदि मौजूद रहे।
वहीं क्षेत्र के गांव दिसौलीगंज, कमालपुर, कालूपुर, मुड़िया धुरेकी, फैजगंज, परमानंदपुर व ओरछी तक अतिक्रमण हटाने का काम हुआ। नायब तहसीलदार अजहर अली के नेतृत्व में तहसील व लोनिवि के अधिकारी भी अभियान के दौरान मौजूद रहे। यहां हाईवे किनारे अस्थाई अतिक्रमण पर बुल्डोजर चलाया गया। इस मौके पर लोनिवि के एई डीसी भुकेश, शशिकांत सिंह, जेई राहुल कुमार, सुशील कुमार, अमीन रामसिंह आदि मौजूद थे।









