बदायूँ-:विधुत कटौती से कालौनीवासी परेशान,नशेड़ी ट्रैक्टर चालक ने तीन बिजली के पोल तोड़ डाले।
बदायूँ ज़िले के बिसौली नगर में विद्युत व्यवस्था का बहुत बुरा हाल हो गया है। आज दिन में लोगों को नाममात्र की ही बिजली मिली। वहीं सांई विहार कालोनी में बीती रात नशेड़ी ट्रैक्टर चालक ने तीन बिजली के पोल तोड़ डाले जिससे पूरी कालोनी की बत्ती रात से गुल है।
बीते लगभग एक माह से नगर में बिजली की समस्या विकराल हो गई है। कहीं जर्जर तार तो कहीं बेतहाशा लोड, कहीं विभाग की लापरवाही तो कहीं अधिकारी कर्मचारियों की मनमानी ने उपभोक्ताओं को खून के आंसू रूलाया है। पूरे नगर की जनता खासकर मध्यम वर्ग बिजली की समस्या को लेकर त्राहि त्राहि कर रहा है। सोमवार की रात मोहल्ला सांई विहार कालोनी में एक नशेड़ी ट्रैक्टर चालक ने तीन पोल टक्कर मारकर तोड़ डाले। पोल टूटने से पूरी कालोनी की बत्ती गुल हो गई है। अधिकारियों के मुताबिक पोल मंगाए गए हैं देर शाम तक पोल खड़े कर दिए जाएंगे। वहीं मोहल्ला गदरपुरा में सुबह साढ़े तीन बजे तार टूटने से गायब बिजली पूर्वाह्न पौने ग्यारह बजे आई। इधर पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे से गायब बिजली ने लगभग तीन बजे दर्शन दिए और 15 मिनट बाद गायब हो गई। समाचार लिखे जाने तक नगर में विद्युतापूर्ति सुचारू नहीं हो पाई है।









