
CRS NEWS रायबरेली: आज हरियाणा के बवानी खेड़ा में प्रियंका गांधी ने एक विशाल ‘विजय संकल्प जनसभा’ को संबोधित किया। जनसभा में भारी संख्या में लोग उपस्थित थे, जिन्होंने प्रियंका गांधी के भाषण को ध्यानपूर्वक सुना। इस मौके पर प्रियंका गांधी ने हरियाणा की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा, “हरियाणा की धरती ने हमेशा देश को कुछ न कुछ दिया है। भगवान कृष्ण ने यहीं से सत्य और न्याय का संदेश दिया था। यहां के किसानों ने मेहनत करके देश का पेट भरा है, और यहां के नौजवान हमारी सरहदों पर देश की सुरक्षा में लगे हुए हैं।”
उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि पिछले दस सालों से हरियाणा की जनता महंगाई, बेरोजगारी, और आर्थिक संकट का सामना कर रही है। भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता को लूटने के अलावा कुछ नहीं किया। प्रियंका गांधी ने जोर देते हुए कहा कि हरियाणा अब बदलाव के लिए तैयार है और आने वाले चुनावों में भाजपा से छुटकारा पाएगा।
प्रियंका गांधी ने अपने भाषण में किसानों, जवानों और युवाओं की समस्याओं का विशेष रूप से जिक्र किया और कांग्रेस की नीतियों को प्रदेश के विकास के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे कांग्रेस के हाथों को मजबूत करें ताकि हरियाणा में एक नई शुरुआत की जा सके।
इस जनसभा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और प्रियंका गांधी की उपस्थिति ने वहां उपस्थित जनता में नई ऊर्जा का संचार किया।









