
CRS AGENCY। भारत ने 26 जुलाई की रात वर्ल्ड युनिवर्सिटी गेम्स में हिस्सा लेने जा रहे अरुणाचल के एथलीट्स को एयरपोर्ट से ही वापस बुला लिया। इसकी वजह अरुणाचल के खिलाड़ियों के लिए चीन की तरफ से जारी किए गए स्टेपल वीजा बताई गई है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वो चीन की ऐसी हरकतों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे।
दरअसल, स्टेपल वीजा साधारण वीजा से अलग होते हैं। चीन अकसर स्टेपल वीजा उन लोगों के लिए जारी करता है, जिन्हें वो विवादित जगहों का नागरिक मानता है। चीन काफी समय से अरुणाचल को अपना हिस्सा बताता आ रहा है। जबकि भारत चीन के इस दावे का विरोध करता है।
रिपोर्ट के मुताबिक वुशु गेम की 11 सदस्यीय भारतीय टीम चीन में वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में शामिल होने के लिए देर रात रवाना होने वाली थी। कोच राघवेंद्र सिंह ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया- हमें इमिग्रेशन अधिकारियों और सुरक्षा के लिए तैनात सीआईएसफ ने बोर्डिंग गेट पर ही रोक दिया। उन्होंने कोई कारण नहीं बताया और कहा कि वे केवल सरकार के निर्देशों पर काम कर रहे थे। बाद में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा- हमारे ध्यान में आया है कि चीन ने एक अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले हमारे कुछ नागरिकों को स्टेपल वीजा जारी किया गया था। यह हमें बिल्कुल मंजूर नहीं है। हमने इस मामले पर चीनी पक्ष के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है।







