
ऊँचाहार,रायबरेली। क्षेत्र के पट्टी रहस कैथवल गाँव में मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप महिला सशक्तिकरण व उन्हें जागरुक करने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस द्वारा महिला जागरूकता अभियान चलाया गया। गाँव की महिलाओं ने पुलिस द्वारा बताई गई जानकारी हासिल कर खुशी जाहिर की।
रविवार को मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप व पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली क्षेत्र के पट्टी रहस कैथवल गाँव में मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट मिशन शक्ति के अन्तर्गत कोतवाली पुलिस द्वारा बताया गया कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं है। महिलाओं को सदैव इस बात को ध्यान में रखना होगा। इस दौरान वरिष्ठ उप निरीक्षक उमा अग्रवाल,उप निरीक्षक शिवबाबू,मुख्य आरक्षी संतोष कुमार, आरक्षी सोहेल अंसारी महिला आरक्षी पिंकी देवी,पूजा,जूही मिश्रा,गुड्डी देवी,ने महिलाओं व बालिकाओं को बताया कि कहीं भी आते-जाते समय यदि रास्ते में या फिर किसी स्थान,दुकान,बाजारों में कोई मनचला आपको परेशान करे तो बिल्कुल घबराएं नहीं। ऐसे लोगों को सबक सिखाने के लिए आप लोग खुद सक्रिय रहें तथा धैर्य बनाये रखें और टोल फ्री नंबर पर कॉल करके तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस आपकी सहायता के लिए फौरन हाजिर होगी। इस दौरान वहाँ उपस्थित महिलाओं को वूमेन पावर हेल्प लाइन-1090, महिला हेल्प लाइन नंबर-181, पुलिस कंट्रोल नंबर-112, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 आदि के बारे जानकारी दी गई । इसके साथ ही कोतवाली पुलिस ने बालिकाओं और महिलाओं को महिला सशक्तिकरण,सुरक्षा व आत्मनिर्भरता के लिए बनाए गए कानून के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उन्हें प्रेरित किया।
कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गये दिशा निर्देश के क्रम में समय-समय पर अलग-अलग जगह व गाँव-गाँव में अभियान चलाकर महिलाओं को मिशन शक्ति, महिला सशक्तिकरण,सुरक्षा व आत्मनिर्भरता कानून समेत आपातकालीन हेल्पलाइन नम्बरों के उपयोग के बारे में जानकारी देने के साथ उन्हें प्रेरित किया जाता है।









