
डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

डीएम-एसपी ने परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर डबल लॉक की गोपनीयता को देखा
रायबरेली 02 अप्रैल 2022
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव व पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा सम्पन्न कराई जा रही हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन एवं सुचितापूर्ण पूर्वक सम्पन्न कराने के लिए परीक्षा केन्द्रों पर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डबल लाॅक में सुरक्षित रखे प्रश्न पत्रों को लॉक खुलवा कर प्रश्न पत्रों का गहनता से निरीक्षण तथा मिलान किया एवं सीसीटीवी कैमरों के सम्बन्ध में जानकारी ली।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने चन्दौली के विब्ग्योर पब्लिक स्कूल, सकल नारायण मेमोरियल पब्लिक स्कूल व वीणापाणि इंटर कॉलेज में दोनों अधिकारियों ने डबल लॉक में रखे प्रश्नपत्रों की सील व सुरक्षा को देखने के लिए लॉक खुलवाया तथा स्वयं उसे देखा। वहां पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने प्रधानाचार्यों, केन्द्र व्यवस्थापकों एवं डीआईओएस को निर्देश दिए कि वे डबल लॉक की सुरक्षा मानक अनुरूप सुनिश्चित कराए तथा यह देखें कि प्रश्न पत्र हर गोपनीय रहें। उन्होंने केन्द्र व्यवस्थापक को निर्देशित किया कि प्रश्नपत्रों को हर हाल में स्वयं की उपस्थिति में ही डबल लाॅक से निकलवाएं तथा यह भी सुनिश्चित करें एक भी पैकेट पर टेम्परिंग न की गई हो। उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया कि शासन व जिला प्रशासन नकल विहीन परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए कटिबद्ध है। इसलिए सभी केन्द्र व्यवस्थापक बिना किसी लापरवाही के परीक्षा को शुचिता के साथ सम्पन्न कराएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा में नकल पर रोक लगाने तथा परीक्षा की शुचिता, पवित्रता, गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता बनाये रखें तथा कहीं भी सामूहिक नकल अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाये जाने पर केन्द्र व्यवस्थापक एवं सम्बन्धित लोगों पर इन प्राविधानों के तहत कड़ी कार्यवाही की जायेगी। निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्मिकों को निर्देश दिये कि बिना अनुमति किसी बाहरी व्यक्ति को कालेज में प्रवेश न करने दें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रभाष कुमार, डीआईओएस ओमकार राणा, एडीआईओ इंजेश सिंह व पुलिस के अधिकारीगण उपस्थित रहे।










