
निर्माणाधीन भवन की छज्जी टूटी, तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत
रायबरेली। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के फायर स्टेशन के पास रविवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन भवन की दूसरी मंजिल की छज्जी अचानक टूट गई। छज्जी पर काम कर रहे तीन मजदूर लगभग 25 फुट नीचे आ गिरे। हादसे में तीनों मजदूरों की मौत हो गई।
मौके पर ही राजमिस्त्री रमेश प्रजापति (45) की मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल रामू (45) ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
तीसरा मजदूर रज्जब अली (45) भी जिंदगी की जंग हार गया और इलाज के दौरान चल बसा।
हादसे के बाद मृतक रमेश प्रजापति के घर मातम पसरा है। पत्नी श्यामा, बेटे अमरेश व विशाल और बेटी मानसी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं रामू की मौत की खबर से भी परिवार में चीख-पुकार मच गई। पूरे इलाके में गम और गुस्से का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन स्वामी और ठेकेदार ने बिना सुरक्षा इंतज़ाम व तकनीकी मानकों का पालन किए निर्माण कार्य कराया। हाल ही में डाली गई छत की मजबूती तक जांची नहीं गई। इसी लापरवाही ने तीन परिवारों को उजाड़ दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों पर सवाल उठाए हैं कि आखिर ऐसी लापरवाहियों पर शिकंजा कब कसेगा।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई होगी।









