
CRS/ वाराणासी। ज्ञानवापी सर्वे सोमवार को पूरा हो गया। सर्वे में शामिल सदस्य मुख्य रूप से वादी पक्ष के चेहरों पर काफ़ी खुशी दिख रही थी। सर्वे टीम के सदस्य और वादी लक्ष्मी देवी के पति सोहनलाल आर्य की खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा- जिन खोजा तिन पाइयां, गहरे पानी पैठ। जब पत्रकारों ने सवाल किया कि इस बात को अपने किस संदर्भ में कहा, जरा खुलकर बताइए। तब सोहन लाल ने कहा- बस इतना कहना चाहूंगा कि बाबा मिल गए। फिर पत्रकारों ने सवाल किया कि आप कौन से बाबा की बात कर रहे हैं? फिर सोहन लाल ने कहा- वही बाबा जिनकी प्रतीक्षा नंदी को थी। जिनके बारे में इतिहास में वर्णित है वो मिल गए। अगर सूत्रों की माने तो कुएं में शिवलिंग मिलने की बात सामने आई है जिसके बारे में सोहन लाल इशारा कर रहे थे।
रिपोर्ट मंगलवार तक कोर्ट में सबमिट कर दी जाएगी। इसके बाद कोर्ट फैसला करेगा। सोहन लाल ने कहा कि जैसे ही बाबा मिले पूरा मस्जिद प्रांगण हर-हर महादेव के नारे से गूंज उठी। सब खुशी से नाचने लगे। सोहन लाल ने कहा कि जो कुछ भी मिला है उम्मीद से ज़्यादा मिला है।
क्या बोले वादी पक्षके लोग-
सोहन लाल के अनुसार इसके बाद पश्चिमी दीवार जो 75 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा है वो मलबा बचा है। यहां 15 फीट ऊंचा मलबा है। उसकी जांच करने की मांग करेंगे। ये श्रृंगार गौरी की तरफ है। उसमें अखंड शिलाखंड और देवी-देवताओं की प्रतिमा हैं। वो सब बाहर आएंगे, हम इसपर 1984 से लगे हुए हैं। सरकारी अधिवक्ता महेंद्र प्रसाद पांडेय ने कहा कि कल तक सारे वीडियो सबमिट होंगे। सर्वे का कार्य पूरा हो गया है। जो भी मिला है उससे माननीय न्यायालय को निर्णय लेने में काफी सहूलियत मिलेगी। शासकीय अधिवक्ता हरिशंकर पांडेय ने कहा कि सोहन लाल जो कह रहे हैं वो उनके अपने विचार हो सकते हैं।
वहीं वाराणसी की ज़िला अदालत ने शिवलिंग वाली जगह को सील करने के आदेश दे दिए हैं। सील किए स्थान पर किसी का भी प्रवेश वर्जित करने का आदेश दिया गया है। कोर्ट ने कहा है कि वर्जित स्थान को संरक्षित एवं सुरक्षित रखने की पूर्ण व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी ज़िला मजिस्ट्रेट वाराणसी, पुलिस कमिश्नर, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी तथा CRPF कमांडेंट वाराणसी की होगी।
मुस्लिम पक्ष ने क्या कहा-
मुस्लिम पक्ष ने कहा शिवलिंग नहीं मिला है। वहीं मुस्लिम पक्ष के वकील मुमताज ने कहा कि शिवलिंग नहीं मिला है। मुस्लिम पक्ष के वकील अभय यादव ने इसपर कुछ नहीं कहा। बस इतना बोले कि सर्वे का काम पूरा हो गया है।









