
CRS/सीतापुर – उत्तरप्रदेश में योगी सरकार का बुलडोज़र भू माफियाओं और अवैध कब्ज़ा करने वालों के ऊपर लगातार चल रहा है। भू माफियाओं की अवैध संपत्ति लगातार कुर्क की जा रही है। न जाने कब जनपद सीतापुर में भू माफियाओं के विरुद्ध ये अभियान चलेगा। सीतापुर में भू माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि जो कोई उनके ख़िलाफ़ आवाज़ उठाता है तो उसे धमकी मिने लगती है। सीतापुर में भू माफियाओं के विरुद्ध संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा जारी अभियान के अंतर्गत दर्ज शिकायतों पर जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद हरकत में आए जिला प्रशासन की दहशत से भू माफिया बौखलाए हुए है। कल किसान मंच महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष अल्पना सिंह के पुत्र दिव्य सिंह ईद के अवसर पर मित्र द्वारा बुलाए जाने के बाद केशव ग्रीन सिटी पहुंचे थे। गाड़ी पर किसान मंच का नाम और बड़ा स्टीकर लगा होने के कारण मोर्चे द्वारा भू माफियाओं के विरुद्ध दिए गए ज्ञापन में प्रथम बिंदु पर अंकित केशव ग्रीन सिटी के निर्माता भू माफिया मुकेश अग्रवाल ने दिव्य सिंह सहित उनके मित्रों पर धन उगाही का आरोप लगाते हुए बंधक बना लिया। इस घटना की जानकारी कब अल्पना सिंह को हुई तो उन्होंने संगठन पदाधिकारियों को सूचित करते हुए अविलंब केशव ग्रीन सिटी पहुंचने का निवेदन किया। संगठन द्वारा जिला प्रशासन को अवगत कराने पर पुलिस हरकत में आ गई और दिव्य सिंह को उनकी मां के साथ घर भेज दिया। इकठ्ठा हो चुके पदाधिकारियों ने थाना रामकोट पहुंच कर एफआईआर के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर आज भू माफिया मुकेश अग्रवाल पर धारा- 323,342,506 की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। संयुक्त किसान मोर्चा संयोजक पिंदर सिंह सिद्धू, किसान मंच प्रदेश प्रभारी शिव प्रकाश सिंह, संगतिन मजदूर संगठन से ऋचा सिंह, किसान मंच महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष अल्पना सिंह, किसान मंच जिला प्रभारी अंबुज श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष मतीन खां सहित संगठन के पदाधिकारियों ने सी ओ सिटी से मुलाकात कर भू माफिया मुकेश अग्रवाल पर पूर्व के पांच मुकदमों का हवाला देते हुए गैंगेस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही की मांग की है।









