
CRS/मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में एकतरफा प्यार के चलते शादी के जोड़े में सजी दुल्हन की गोली मारकर एक युवक ने हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार मामला नौहझील थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का है जहाँ गुरुवार को गांव निवासी खूबीराम की बेटी काजल की शादी नोएडा के युवक से हो रही थी। गुरुवार को बरात आई, धूमधाम से बरात चढ़ी और जयमाला हुई, इसके बाद वैवाहिक रस्में हो रही थीं। दुल्हन बनी काजल फेरों से पहले कमरे में बैठी थी। तभी एक युवक कमरे में घुस आया और उसको गोली मारकर मौके से भाग निकला।
दुल्हन की आंख के पास गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। दुल्हन की हत्या से शादी समारोह में मातम फैल गया। इस बीच आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
