
CRS AGENCY। अवैध तरीके से भारत में घुसी पाकिस्तान की सीमा हैदर का मामला अभी सुलटा भी नहीं है कि एक भारतीय महिला ने भी अपने पाकिस्तानी प्रेमी के लिए देश की सीमा लांघ ली है। हालांकि दिल्ली की रहने वाली इस महिला ने पाकिस्तान जाने के लिए सही रास्ता और वैध तरीका चुना है। वह वैध वीजा के साथ अपने प्रेमी से मिलने वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा पहुंच गई है।
एक रिपोर्ट के अनुसार चार साल पहले फेसबुक के जरिये दिल्ली की अंजू (35) और पाकिस्तान के उपर दिर के नसरुल्लाह (29) की दोस्ती हुई जो प्यार में बदल गई। हालांकि पहले से शादीशुदा अंजू ने अपने प्यार की खातिर पाकिस्तान के बीहड़ इलाके खैबर पख्तूनख्वा में कदम रख दिया है।
एक टीवी समाचार के अनुसार उपर दिर की एचएसओ जावेद खान ने इस बात की पुष्टि की है कि अंजू वाघा सीमा के रास्ते वैध वीजा के साथ पहले इस्लामाबाद और फिर खैबर पख्तूनख्वा के उपर दिर पहुंची है। उसे पाकिस्तान में रहने के लिए तीस दिनों का ही वीजा मिला है।
अंजू का कहना है कि वह अपने प्रेमी ‘नस्त्र’ के बगैर नहीं रह सकती थी इसलिए वह उससे मिलने पाकिस्तान चली आई है। नसरुल्लाह के परिवार के सदस्यों ने दावा किया है कि भारत की कामकाजी महिला अंजू नसरुल्लाह से सिर्फ मिलने आई है, शादी करने नहीं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रविवार को जब अंजू के पाकिस्तान पहुंचने की जानकारी मिली तो उसे स्थानीय पत्रकारों से नहीं मिलने दिया गया। स्थानीय मीडिया से यही कहा गया है कि अंजू और नसरुल्लाह बाहर घूमने गए हैं।









