
CRS AGENCY। मुरादाबाद में भाजपा के किसान मोर्चा के जिला मंत्री वीर सिंह सैनी ने शनिवार रात फेसबुक लाइव आने के थोड़ी देर बाद जहर खा लिया। भाजपा नेता को नाजुक हालत में मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर का कहना है कि उनकी हालत खतरे से बाहर है।
जहर खाने से पहले फेसबुक लाइव में भाजपा नेता ने कहा कि 4 दिन पहले लाडलावाद मंदिर में उन्हें, उनकी पत्नी और बच्चों को बेरहमी से पीटा गया। भाजपा नेता ने कहा कि उनके ऊपर धर्म स्थल में किसी महिला से रेप करने के घिनौने आरोप लगाए गए हैं। फेसबुक लाइव में भाजपा नेता बोले-मेरी 15 साल की बेटी है। मैं इस तरह का कलंक लेकर जीवित नहीं रह सकता।
इंस्पेक्टर पर साजिश रचने का आरोपः
भाजपा नेता ने फेसबुक लाइव पर कहा, “मेरे खिलाफ पूरी साजिश इंस्पेक्टर संजय कुमार पांचाल की देखरेख में बुनी गई है। बोले- यदि मुझे कुछ होता है तो इसके जिम्मेदार वही लोग होंगे, जिन्होंने मुझे और मेरी फैमिली को चार दिन पहले मंदिर में पीटा था। जिसके फुटेज भी लोगों के पास हैं।”
भाजपा की अंदरूनी कलह को भी जिम्मेदार बतायाः
अपने इस कदम के लिए वीर सिंह सैनी ने भाजपा की अंदरूनी कलह को भी जिम्मेदार बताया है। भाजपा नेता ने कहा कि उन्हें और उनकी फैमिली को बेरहमी से पीटा गया। इसके बाद वो रिपोर्ट लिखाने के लिए 4 घंटे तक थाने पर बैठे रहे। लेकिन, इंस्पेक्टर संजय कुमार पांचाल ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी में उनके कुछ विरोधी भी इसके लिए जिम्मेदार हैं। किसान मोर्चा ने भी मामले में मदद नहीं की। वीर सिंह ने कहा कि यदि मेरी मौत होती है तो उसके बाद भी लोग भाजपा को वोट जरूर दें, लेकिन कोई गरीब सैनी समाज का व्यक्ति पार्टी में न आए। क्योंकि उसे पार्टी में सम्मान नहीं मिल पाता।









