
एक सप्ताह पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत।
ऊंचाहार। एक सप्ताह पूर्व अकोढिया गांव के पास हुई सड़क दुर्घटना में घायल युवक की दरियापुर स्थित एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शादे की बाजार मजरे अरखा निवासी सागर पाल अकोढ़िया गांव में मकान बनाकर परिवार समेत निवास करता है। 27 जुलाई की सुबह बाइक से ऊंचाहार कस्बा के अकोढ़िया रोड स्थित अपनी बीज भंडार की दुकान जा रहा था। घर से थोड़ी ही दूर पर दो बाइक सवार लोगों ने पीछे से उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी थी। घटना में सागर पाल गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिवार जन एनटीपीसी स्थित अस्पताल ले गए। जहां से उसे लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। परिवार जनों ने उसे ट्रामा सेंटर ना ले जाकर दरियापुर स्थित एम्स में भर्ती कराया था। जहां बृहस्पतिवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोतवाल आदर्श सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रार्थना पत्र मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।










