
ऊँचाहार,रायबरेली। ड्यूटी से बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहा होमगार्ड अज्ञात वाहन की टक्कर से गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में ही उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के असलहापुर मजरे खालिकपुर कला गांव निवासी कुंवर बहादुर यादव 55 वर्ष कोतवाली में होमगार्ड के पद पर तैनात था। रविवार की शाम वो कंदरावां स्थित बैंक की ड्यूटी के लिए गया हुआ था। जहां से सोमवार की भोर में बाइक से घर वापस लौट रहा था। तभी सवैया तिराहा के पास अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे गिरकर वो गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल होमगार्ड को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज कुमार शुक्ल ने बताया कि मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होमगार्ड को सीएचसी लाया गया था। जिसकी हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
होमगार्ड के कम्पनी कमांडर कमल यादव ने बताया कि कुंवर बहादुर की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।










