
बगहा, सलोन जुलाई 2023 (बुधवार)। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सीनियर सेकेंडरी स्कूल शाखा सलोन, रायबरेली में आज श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि “तुलसी जयंती”के रूप में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के सभामंच पर विद्यार्थियों द्वारा आदि कवि बाल्मीकि के अवतार माने जाने वाले हिंदी भाषा के महान कवि गोस्वामी तुलसीदास के विशाल रेखाचित्र की छाया में श्री रामचरितमानस की रचना करते हुए “तुलसी” के दिव्य स्वरूप का एवं श्री रामचरितमानस के संगीतमय गान का मंचन किया गया और कक्षा एकादश(हिंदी) की छात्रा सृष्टि पांडेय द्वारा महाकवि का जीवन परिचय प्रस्तुत किया गया।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कामाक्षा सिंह ने अपने संबोधन में तुलसीकृत श्री रामचरितमानस को जन-जन के लिए अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि श्री रामचरितमानस केवल पढ़ने की नहीं बल्कि जीवन में उतारने की वस्तु है।एक आदर्श समाज की स्थापना के लिए श्रीरामचरितमानस से बढ़कर कोई दूसरा मार्गदर्शक नहीं है। आज के इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः कालीन सभा के साथ ही प्रधानाचार्या जी द्वारा गोस्वामी तुलसीदास के प्रति पुष्पार्चन एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के मस्तक पर टीका अलंकरण के साथ हुआ। कक्षा चार के सौभाग्य मिश्र द्वारा गोस्वामी तुलसीदास का रूप अभिनय अत्यंत सराहनीय रहा। छात्राओं में अंजली सिंह, अदिति तिवारी, हर्षिता शुक्ला, साक्षी शुक्ला और छात्रों में अनंत शुक्ला, वैभव सिंह,शिवांश व स्वास्तिक ने सरस मानस गान किया। आज के आयोजन का संयोजन हिंदी विभाग द्वारा तथा संचालन विवेकानंद हाउस की ओर से किया गया। उक्त अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।










