
CRS/बरेली। मूकबधिर का ताना मारना पति को भारी पड़ गया। अपने मूकबधिर होने के ताने सुन-सुन कर पत्नी इतना गुस्सा हो गयी कि उसने अपने पति की ज़बान दांतों से काट दी। यह पूरा मामला उत्तरप्रदेश के ज़िला बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के बल्ली गांव का है। जहां बुधवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला ने कथित तौर अपने ही पति की ज़बान दांतों से काट दी। इसके बाद आनन-फानन में परिजनों ने युवक को उपचार के लिए बरेली एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
क्या है पूरा मामला-
आपको बताते चलें कि शीशगढ़ के बल्ली गांव के रहने वाले श्रीपाल मौर्य की करीब एक साल पूर्व बिहार राज्य की युवती से शादी हुई थी। जानकारी के अनुसार श्रीपाल अपनी पत्नी के साथ सुख-शांति से जीवन गुज़ार रहा था, लेकिन अपनी पत्नी के मूकबधिर होने के कारण वह उसे ताने मारता रहता था। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम श्रीपाल मजदूरी करके घर लौटा और थका होने के कारण जल्दी सो गया। आरोप है इस दौरान श्रीपाल की पत्नी अपने पति के ताने से गुस्सा होने कारण उसने सोते हुए पति की दांतो से जीभ काट दी। जीभ कटने के बाद श्रीपाल खून से लथपथ हो गया, चिल्लाने पर घरवाले और मोहल्ले वाले मौके पर जमा हो गए। इसके बाद आनन-फानन में युवक को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।










