
CRS/मुज़फ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में दबंगो के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वो हर घटना खुलेआम करते हैं। ऐसा ही एक मामला ज़िला मुज़फ्फरनगर से निकलकर सामने आया है जहां उस दबंग ने दलित परिवारों को गांव में मुनादी कराकर खुलेआम धमकी दे डाली।
जानकारी के अनुसार मुज़फ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के पावटी खुर्द गांव में सोमवार को कुख्यात अपराधी रहे विक्की त्यागी के पिता राजबीर सिंह ने एक तुगलकी फरमान जारी कर दिया। जिसमे उसने कहा कि अगर उसके खेत और ट्यूबवेल पर कोई भी दलित समाज का व्यक्ति जाएगा तो उसके ऊपर पांच हज़ार रुपए का जुर्माना व 50 जूतों की सजा दी जाएगी। यह चेतावनी उसने गांव में बाकायदा मुनादी कराकर दलित समाज के लोगों को दे डाली। मुनादी के दौरान गांव के ही किसी व्यक्ति ने पूरी घटना की वीडियो मोबाइल में कैद कर ली और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। जिसके बाद पुलिस हरकत में आयी और एसएसपी मुज़फ्फरनगर अभिषेक यादव के आदेश पर क्षेत्रीय पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले में एसएसपी अभिषेक यादव ने कहा कि आरोपी राजवीर सिंह के ऊपर भविष्य में गुंडा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। इधर पुलिस ने मामला पंजीकृत कर तथाकथित प्रधान राजवीर सिंह और उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










