
CRS NEWS रायबरेली,23 जनवरी। परिवहन विभाग रायबरेली द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति आम जनमानस को जागृत करने के दृष्टिगत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर जनपद में मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया। मुख्य कार्यक्रम न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल रायबरेली में आयोजित किया गया। जिसमें जिलाधिकारी हर्षिता माथुर द्वारा बच्चों को यातायात नियमों की शपथ दिलाई गई।
जिलाधिकारी ने बच्चों को जागरुक करते हुए कहा कि सभी लोगों को यातायात नियमों के बारे में पता होना चाहिए। बच्चे न केवल स्वयं इन सभी नियमों को जाने बल्कि अपने परिवार के सदस्यों और मिलने वाले लोगों को भी इसके बारे में बताएं। जिससे कि हो रही सड़क दुर्घटनाओं में कमी आ सके। जिलाधिकारी ने कहा कि बाइक चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें। कार चलाते समय सीट बेल्ट पहने और शराब पीकर गाड़ी ना चलाएं। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल से बिल्कुल बातचीत ना करें। साथ ही चौराहों पर लगे हुए ट्रैफिक सिंग्नलो के नियमों का अवश्य पालन करें।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार अग्रवाल, एडीएम प्रशासन प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साअधिकारी डॉ0 वीरेंद्र सिंह, एआरटीओ मनोज कुमार एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौजूद रहे।










