
निस्तारण में अनावश्यक विलम्ब हुआ तो तय होगी जवाबदेही:डीएम
CRS NEWS रायबरेली, 17 अगस्त 2024 सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जनपद की समस्त तहसीलों में हुआ। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने तहसील महराजगंज में आम जनमानस की फरियाद सुनी। इस दौरान उनके सामने कुल 88 मामले आए जिनमें से 12 का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि इसका समयान्तर्गत व गुणवत्तापरक निस्तारण कराया जाए। जिलाधिकारी ने तहसील प्रशासन को निर्देश दिया कि लोगों से सीधे संवाद करे और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का प्रयास किया जाए।
जिलाधिकारी ने पैमाइश एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों में कहा कि राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौका-मुआयना करके सही व्यक्ति को तत्काल राहत दिलाएं। समय से हर किसी की शिकायत का समाधान सरकार की प्राथमिकता है, सभी अधिकारी इस बात का ख्याल रखें। उन्होंने पिछले संपूर्ण समाधान दिवस में आई शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अगर निस्तारण में अनावश्यक विलंब हुआ या निस्तारण सही नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अग्रवाल ने भी पुलिस से संबंधित मामलों को सुना और मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम महराजगंज, सीओ, सीएमओ सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।










