
CRS NEWS महोबा में मवेशी चराने गये वृद्ध किसान की तालाब में डूबकर मौत हो गई। किसान बीते रोज से लापता था जिसकी तलाश परिजन तालाब में कर रहे थे। जहां पानी उतराता किसान का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से निकालकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दरअसल मामला कोतवाली कुलपहाड़ क्षेत्र के नेताजी वार्ड इलाके का है। यहां के निवासी 60 वर्षीय किसान मोहित सिंह यादव रोजाना की तरह बीते रोज अपने मवेशियों को चराने के लिए बड़ा तालाब की ओर गया था। उसी दौरान उनके मवेशी तालाब के पानी में उतर गए जिन्हें निकालने के लिए मोहित सिंह तालाब के अंदर गए और गहरे पानी में डूब गए। शाम तक जब मोहित सिंह अपने घर वापस नहीं लौटे तो उनके परिजनों व पुलिस प्रशासन के द्वारा उनकी काफी खोजबीन की गई लेकिन उनका कोई पता ना चल सका। आज सुबह तालाब में किसान मोहित सिंह का शव उतराता मिलने से परिजनों में हड़कंप मच गया तो वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और पुलिस अग्रिम कार्यवाही में जुट गई है।








