
ऊंचाहार, रायबरेली। आधी रात दूकान में घुसे दबंग ने गाली गलौज करते हुए जमकर उत्पाद मचाया। गल्ले में रखी नकदी उठा ले गया। इससे भी मन न भरा तो बाद में आया और गैस सिलेंडर समेत सामान उठा कर भागने लगा। चीख पुकार सुनकर दबंग मौका देखकर भाग निकला। दुकान संचालिका ने कोतवाली में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
घटना गुरूवार की मध्य रात्रि की है। कोतवाली क्षेत्र के भिखनापुर मजरे हमीदपुर बड़ा गांव निवासिनी कलावती घर से कुछ दूरी पर पासिया की बाजार में अपना और परिवार के जीविकोपार्जन के लिए चाय समोसे की दुकान चलाती है। दिन भर का काम करके वह दुकान बन्द करके घर चली जाती है। गुरूवार को भी वह दुकान बन्द करके घर चली गई । उसका पुत्र वहीं दुकान में रुककर सो रहा था। तभी मध्य रात्रि बेहरामऊ गांव का एक दबंग आया और उसके बेटे को परेशान करने लगा। आरोप है कि बेटे के मना करने पर उसने जमकर उत्पाद मचाया और गल्ले में रखे तीन हज़ार रूपए की नकदी उठा ले गया। इतने से उसका मन नही भरा तो तकरीबन दो घण्टे बाद दबंग ने दुकान में फिर दस्तक दी और बेटे से गाली गलौज करने लगा और वहां रखा गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान उठा कर भागने लगा तभी बेटे ने हिम्मत जुटा कर शोर मचाना शुरू कर दिया। तब दबंग वहां से फरार हो गया। रात ही में सूचना 112 पुलिस को दी गई। शुक्रवार को पीड़िता ने कोतवाली में लिखित शिकायत करके दबंग के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।










